AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Wednesday 6 December 2017

उत्कृष्ट कार्य हेतु भोपाल में सम्मानित हुए होमगार्ड कमांडेंट श्री हनोतिया

उत्कृष्ट कार्य हेतु भोपाल में सम्मानित हुए होमगार्ड कमांडेंट श्री हनोतिया

खण्डवा 6 दिसम्बर, 2017 - मध्यप्रदेश होमगार्डस् तथा नागरिक सुरक्षा का 71वां स्थापना दिवस आज भोपाल की जेल रोड स्थित होमगार्ड लाइन में समारोहपूर्वक मनाया गया। समारोह में होमगार्ड महानिदेशक श्री महान भारत सागर ने होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बाढ़, आपदा और कानून व्यवस्था की नाजुक स्थिति में भी संयम से काम करने वाले होमगार्ड के जवान निष्काम सेवा के लिये सदैव तत्पर रहते हैं। श्री सागर ने होमगार्ड के इतिहास और उसके गठन के बारे में भी बताया। विशेष पुलिस महानिदेशक श्री मैथिलीशरण गुप्त भी उपस्थित थे। शुरूआत में पुलिस महानिदेशक श्री महान भारत सागर ने परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और परेड द्वारा मार्च पास्ट किया गया। समारोह में भारत सरकार के पुलिस महानिदेशक सिविल डिफेन्स श्री प्रकाश मिश्रा के संदेश का वाचन किया गया। 
कार्यक्रम मंे गत एक वर्ष के दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये गये। सम्मानित होने वालों में डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट खण्डवा श्री एम.के. हनौतिया, सैनिक खण्डवा श्री कैलाश बोरवरकर, कंपनी कमाण्डर ग्वालियर श्री राघवेन्द्र शर्मा, प्लाटून कमाण्डर भिण्ड सुश्री पूजा परिहार, ए.एस.आई. नरसिंहपुर श्री नीरज सिंह ठाकुर, हवलदार स्टोर मेन मंडला श्री कोमल सिंह, आरक्षक एस.डी.आर.एफ. इंदौर श्री नीलेश ठाकरे, लांस नायक बैतूल श्री अशोक परिहार, विदिशा के श्री रामलखन कुशवाह, धार के श्री दिनेश वर्मा और भोपाल के श्री राजाराम शामिल रहे। समारोह में एस.डी.ई.आर.एफ. मध्यप्रदेश द्वारा आपदा प्रबंधन का डिमांस्ट्रेशन किया गया। होमगार्ड जवानों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायन, नृत्य, नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। समारोह स्थल पर आपदा प्रबंधन से संबंधित वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

No comments:

Post a Comment